यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज, 12 तक आएंगे प्रश्न पत्र
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही है। उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण भी शुरू हो चुका है। सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन भी अधिकारियों द्वारा कर लिया गया है। अगले सप्ताह तक बोर्ड से प्रश्न पत्र भी बागपत पहुंच जाएंगे।
जिन्हें कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था में बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में रखवाया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में तैयारी तेजी से की जा रही है। जिले में इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए 37 केंद्र बनाए गए हैं। 24 फरवरी से प्रस्तावित बोर्ड परीक्षा में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 28128 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। वहीं अगले सप्ताह तक जिले में परीक्षा के प्रश्न पत्र पहुंच जाएंगे, जिन्हें बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज के स्ट्रांग रूम में रखवाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों की तर्ज पर इस बार स्ट्रांग रूम में भी नाइट विजन कैमरे के साथ ही वाइस रिकॉर्डर लगाया जाएगा। इतना ही नहीं नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़नदस्तों का गठन करने के साथ ही अन्य सुरक्षा प्रबंध किए जाने हैं। प्रश्न पत्रों को इस बार भी प्रधानाचार्य कक्ष से अलग एक सुरक्षित कक्ष में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। डबल लॉक युक्त अलमारी में इन्हें रखा जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डीके सक्सेना का कहना है कि बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में ही परीक्षा केंद्रों के साथ ही स्ट्रांग रूम में तैयारी कराई जा रही है।